हमीरपुर (हिप्र), 10 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में ब्यास नदी के पास से दो जेसीबी एवं तीन ट्रक जब्त किये गये हैं तथा पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
हमीरपुर की पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि जिले में सुजानपुर तीरा पुलिस ने आधुनिक ड्रोनों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया जो नदी से अवैध रूप से रेत खनन कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की दो टीम बनायी गयी थीं और वे अचानक वहां पहुंच गयीं जिससे आरोपियों को पुलिस से बच निकलने का मौका नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि भादंसं एवं खान कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
