नई दिल्ली: भारतीय ड्रोन कंपनी आइडियाफोर्ज (ideaForge) को अमेरिका से एक कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जिसके तहत वह टेक्सास के लगभग 20-25 स्कूलों के लिए अपने सर्विलांस ड्रोन उपलब्ध कराएगी.
इस भारतीय कंपनी की अमेरिकी सब्सिडियरी, आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी लिमिटेड को अपने इंटीग्रेटेड, ऑटोनॉमस और अनमैन्ड सिस्टम के लिए एक परचेज़ ऑर्डर मिला है. इस सिस्टम का इस्तेमाल टेक्सास के स्कूलों में हवाई निगरानी के ज़रिए कैंपस की सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए किया जाएगा.
डेमो के दौरान कंपनी के UAVs (ड्रोन) काफी प्रभावशाली रहे और लामार कंसोलिडेटेड इंडिपेंडेंट स्कूल डिस्ट्रिक्ट पुलिस डिपार्टमेंट ने उन्हें तुरंत शॉर्टलिस्ट कर लिया. आइडियाफोर्ज की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि कंपनी 20-25 स्कूलों में सर्विलांस कवरेज देने के लिए NDAA-अनुरूप SWITCH और Q6 V3 UAVs तैनात करेगी. ये ड्रोन अत्याधुनिक तकनीक और डेटा एनालिटिक्स की मदद से कैंपस के इंफ्रास्ट्रक्चर की निगरानी करेंगे.
गौरतलब है कि ideaForge द्वारा बनाए गए ड्रोन, जिनमें SWITCH का मिलिट्री वर्शन भी शामिल है, भारत की पाकिस्तान और चीन से लगी सीमाओं पर तैनात हैं.
पिछले साल नवंबर में, कंपनी को भारतीय सेना से 100 करोड़ रुपये से ज़्यादा के ऑर्डर मिले थे. इनमें उसके सबसे नए UAV-ZOLT Tactical के लिए 75 करोड़ रुपये का एक ऑर्डर और SWITCH V2 के लिए 30 करोड़ रुपये का एक अतिरिक्त ऑर्डर शामिल था. SWITCH V2 पहले से ही सेना में इस्तेमाल हो रहा है.
अमेरिकी ऑर्डर के बारे में बात करते हुए कंपनी ने कहा कि इससे अधिकारियों को रियल-टाइम में स्थिति की जानकारी रखने में मदद मिलेगी. साथ ही, वे कैंपस में किसी भी सुरक्षा खतरे, संदिग्ध गतिविधियों और अनाधिकृत घुसपैठ का जवाब ज़्यादा तेज़ी और मुस्तैदी से दे पाएंगे.
कंपनी ने बताया कि लामार कंसोलिडेटेड इंडिपेंडेंट स्कूल डिस्ट्रिक्ट पुलिस डिपार्टमेंट शहर के पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर, ज़रूरत पड़ने पर इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल खोज और बचाव तथा सर्विलांस मिशन के लिए भी करने की योजना बना रहा है.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: NRIs और पॉप स्टार्स के बाद अब गांव के सरपंच निशाने पर, पंजाब में गैंगस्टरों का नया टारगेट
