नई दिल्ली: निर्वाचन आयोग (ECI) ने काउंटिंग सेंटर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए QR कोड आधारित फोटो पहचान पत्र (आईडी) सिस्टम लागू करने का फैसला किया है. इसका उद्देश्य अनधिकृत लोगों की एंट्री को पूरी तरह रोकना है.
आयोग ने गुरुवार को जारी प्रेस नोट में बताया कि ECINET प्लेटफॉर्म पर QR कोड आधारित आईडी मॉड्यूल शुरू किया गया है, जिससे काउंटिंग सेंटर में केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश मिल सकेगा.
यह नई व्यवस्था 4 मई 2026 को होने वाली मतगणना से लागू होगी. इस दिन असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होंगे, साथ ही पांच राज्यों की सात सीटों पर हुए उपचुनावों की गिनती भी होगी.
ECI ने कहा कि भविष्य में लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी यही सिस्टम लागू किया जाएगा.
आयोग के मुताबिक काउंटिंग सेंटर में प्रवेश के लिए तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है.
पहले और दूसरे स्तर पर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) द्वारा जारी फोटो आईडी की मैन्युअल जांच होगी.
तीसरे और सबसे अंदर वाले स्तर पर QR कोड स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा.
यह QR कोड आधारित आईडी केवल अधिकृत लोगों को जारी की जाएगी. इनमें रिटर्निंग ऑफिसर, असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर, काउंटिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मचारी, उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और काउंटिंग एजेंट शामिल हैं.
ECI ने बताया कि काउंटिंग सेंटर में मीडिया के लिए भी खास व्यवस्था की जाएगी. हर सेंटर पर काउंटिंग हॉल के पास मीडिया सेंटर बनाया जाएगा. हालांकि, पत्रकारों को पहले की तरह ही आयोग द्वारा जारी अधिकृत पत्र के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा.
जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग ऑफिसरों को इस सिस्टम को सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, सुरक्षा जांच के लिए प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
आयोग ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पारदर्शिता, सुरक्षा और सुचारू मतगणना के लिए इन नियमों का सख्ती से पालन किया जाए.