बेंगलुरु, 30 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम में सत्ता बरकरार रखेगी जबकि पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने जा रही है। उन्होंने इसका कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा पार्टी के प्रति जनता के भरोसे को बताया।
प्रधान ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में लौटने की संभावना है, वहीं केरल और तमिलनाडु में भाजपा नीत गठबंधन के मजबूत प्रदर्शन को लेकर भी वह आश्वस्त हैं।
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और असम-इन पांचों प्रदेशों में विधानसभा चुनावों की मतगणना चार मई को होगी।
असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में एक चरण में मतदान हुआ, जबकि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराया गया।
प्रधान ने कहा, “एग्जिट पोल से परे, इन पांचों प्रदेशों (चार राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश) में चुनाव प्रचार में जुटे हम सभी लोग आश्वस्त हैं कि भाजपा असम में सत्ता बरकरार रखेगी और लंबे समय बाद पश्चिम बंगाल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।”
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सरकार के खिलाफ कुप्रशासन, तुष्टीकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार के कारण, भारी सत्ता विरोधी लहर है।
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की नीतियों और पार्टी की प्रदेश इकाई के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं। मुझे विश्वास है कि वहां सरकार में बदलाव होगा।”
प्रधान ने कहा कि इस बात की पूरी संभावना है कि पुडुचेरी में ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस-भाजपा गठबंधन के नेतृत्व वाला राजग फिर से सत्ता में आएगा।
उन्होंने कहा, “केरल और तमिलनाडु में भी हमें पूरा भरोसा है कि हमारा गठबंधन मजबूत प्रदर्शन करेगा।”
बुधवार को जारी कई एग्जिट पोल में असम में भाजपा की प्रचंड जीत और पश्चिम बंगाल में उसे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर बढ़त मिलती दिखायी गई है, जबकि तमिलनाडु में द्रमुक के सत्ता में बने रहने तथा केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ की 10 साल बाद वापसी का अनुमान जताया गया है। हालांकि, कुछ सर्वेक्षणों में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की बड़ी जीत और तमिलनाडु में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना भी जताई गई है।
लगभग सभी एग्जिट पोल में पुडुचेरी में राजग सरकार की वापसी का अनुमान जताया गया है।
भाषा रवि कांत मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.