scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशकेरल : सुनीता कृष्णन को मातृभूमि पुरस्कार के लिए चुना गया

केरल : सुनीता कृष्णन को मातृभूमि पुरस्कार के लिए चुना गया

Text Size:

कोझिकोड, 30 अप्रैल (भाषा) सामाजिक कार्यकर्ता एवं पद्म श्री से सम्मानित सुनीता कृष्णन को मातृभूमि समूह के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं नेता एम पी वीरेंद्र कुमार की स्मृति में स्थापित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है।

प्रकाशन समूह द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि यह पुरस्कार कृष्णन द्वारा उन महिलाओं और बच्चों की निस्वार्थ सेवा के लिए है जिन्हें बहुत कम या बिल्कुल भी सहायता नहीं मिलती है।

पुरस्कार विजेता का चयन न्यायमूर्ति के टी थॉमस, उपन्यासकार सारा जोसेफ और अनुभवी पत्रकार टी एन शशिकुमार वाले निर्णायक मण्डल द्वारा किया गया।

इस पुरस्कार में एक पट्टिका, प्रमाणपत्र और पांच लाख रुपये की राशि शामिल है। इसे 28 मई को कोझिकोड में वीरेंद्र कुमार की पुण्यतिथि पर प्रदान किया जाएगा।

बयान में कहा गया कि सुनीता कृष्णन का संगठन ‘प्रज्वल’ मानव तस्करी और यौन शोषण के पीड़ितों को आश्रय और सहायता प्रदान करता है। इस संगठन ने शिक्षा, कानूनी सहायता और कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से हजारों महिलाओं और बच्चों को अपना जीवन फिर से संवारने में मदद की है।

यह पुरस्कार मानवाधिकारों के लिए उनके साहसिक संघर्ष और पीड़ितों की गरिमा बनाए रखने के प्रयासों का भी सम्मान करता है। बेंगलुरु में जन्मीं कृष्णन किशोरावस्था में यौन उत्पीड़न की शिकार हुई थीं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी की और समान परिस्थितियों में फंसे लोगों की मदद के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ के तीन बार चेयरमैन रह चुके वीरेंद्र कुमार का 2020 में निधन हो गया था। उस समय वह एजेंसी के निदेशक मंडल के सदस्य थे।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments