scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशसुलतानपुर में युवक की पीटकर हत्या, ग्राम प्रधान पर आरोप; एक आरोपी हिरासत में

सुलतानपुर में युवक की पीटकर हत्या, ग्राम प्रधान पर आरोप; एक आरोपी हिरासत में

Text Size:

सुलतानपुर (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) सुलतानपुर जिले के शिवगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भेटौरा गांव में कुछ लोगों के एक समूह ने 28 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि पीड़ित के परिवार ने ग्राम प्रधान और अन्य लोगों पर इसमें शामिल होने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया कि जसवंत सिंह मंगलवार शाम सब्जी खरीदकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

जसवंत के भाई बलवंत सिंह के अनुसार हमलावरों ने भेटौरा इंटर कॉलेज के पास उनके भाई को रोककर जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पहले उन्हें लंभुआ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया फिर सुलतानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत और बिगड़ने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां रात करीब 12 बजे रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

परिवार ने आरोप लगाया कि यह हमला ग्राम प्रधान के खिलाफ जारी भ्रष्टाचार जांच से जुड़े विवाद के कारण हुआ और ग्राम प्रधान मान सिंह के अलावा रामशरण, रामजस, रामसुरेश, नीरज, सूरज तथा धनंजय भी इस हमले में शामिल हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस की दो टीम आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘एक आरोपी को हिरासत में लिया जा चुका है और अन्य को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।’’

उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments