नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन को सशक्त बनाने के लिए नई पहल शुरू की गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर टिशू कल्चर तकनीक के जरिए उच्च गुणवत्ता वाले गन्ना बीज उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है.
इस दिशा में उत्तर प्रदेश काउंसिल ऑफ शुगर केन रिसर्च और बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड के बीच एमओयू साइन हुआ है. इसके तहत किसानों, मिल कर्मियों और तकनीकी स्टाफ को टिशू कल्चर लैब और ग्रीन हाउस संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
गन्ना आयुक्त ने बताया कि इस तकनीक से कम समय में अधिक और शुद्ध बीज तैयार किए जा सकते हैं. इससे नई किस्मों का तेजी से विस्तार होगा और उत्पादन बढ़ेगा.
प्रशिक्षण में प्लांटलेट तैयार करना, हार्डनिंग और खेत में रोपाई जैसी प्रक्रियाएं सिखाई जाएंगी. यह पहल प्रदेश में गन्ना उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी.