नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में सरकारी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में बड़ा सुधार देखने को मिला है. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के नतीजों में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. हाईस्कूल में 99.19 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 99.03 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे.
गाजियाबाद के निडौरी बालिका विद्यालय की अंजली पुंडीर ने 88.20 प्रतिशत अंक के साथ जिला स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया, जबकि अंशिका ने छठा स्थान पाया. हाईस्कूल में गाजीपुर की उजाला निषाद ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए.
इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में 1058 में से 1046 और कला वर्ग में 801 में से 795 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए.
अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट क्लास, बेहतर शिक्षकों और सुविधाओं ने परिणामों में सुधार किया है. सरकार के प्रयासों से सरकारी स्कूलों की छवि मजबूत हुई है और छात्र लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं.