नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में कृषि क्षेत्र तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन के शुभारंभ पर कहा कि वैज्ञानिक तकनीक और “लैब टू लैंड” मॉडल से किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है. उन्होंने बताया कि कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर करीब 18 प्रतिशत तक पहुंच गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्रो-क्लाइमेटिक जोन के अनुसार नीतियां बनाने से उत्पादन में सुधार हुआ है. प्रदेश में बहुफसली खेती, वैल्यू एडिशन और नई तकनीकों का विस्तार हो रहा है. धान उत्पादन कुछ क्षेत्रों में 100 कुंतल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गया है.
उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्रों के सशक्तीकरण और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की भूमिका को अहम बताया. साथ ही किसानों को योजनाओं की सही जानकारी देने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बीज, सिंचाई और बाजार उपलब्ध होने से किसानों की आय बढ़ रही है.