नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस ने अपने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सलील पारेख को प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन के तौर पर कुल 51.75 करोड़ रुपये के शेयर देने को मंजूरी दी है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसके निदेशक मंडल ने 2015 और 2019 की शेयर प्रोत्साहन योजनाओं के तहत ‘रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट’ (आरएसयू) देने को मंजूरी दी है। इसके तहत पारेख को 34.75 करोड़ रुपये मूल्य के आरएसयू मिलेंगे जो प्रदर्शन लक्ष्यों की पूर्ति के आधार पर एक वर्ष बाद मिलेंगे।
इसके अलावा, 2019 की विस्तारित शेयर स्वामित्व योजना के तहत उन्हें 10 करोड़ रुपये मूल्य के आरएसयू दिए गए हैं। कंपनी ने पर्यावरण, सामाजिक एवं प्रशासन (ईएसजी) लक्ष्यों से जुड़े दो करोड़ रुपये और कुल शेयरधारक प्रतिफल (टीएसआर) से जुड़े पांच करोड़ रुपये के अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मंजूर किए हैं।
कंपनी ने कर्मचारियों के लिए भी शेयर प्रोत्साहन की घोषणा की है। इसके तहत 2015 योजना में पात्र कर्मचारियों को 27,193 आरएसयू दिए जाएंगे जो दो से तीन वर्ष में चरणबद्ध तरीके से मिलेंगे। वहीं 2019 योजना के तहत 1.90 करोड़ रुपये मूल्य के प्रदर्शन आधारित शेयर भी मंजूर किए गए हैं।
भाषा योगेश निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.