scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशगुरूग्राम में महिला को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने वाले को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया

गुरूग्राम में महिला को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने वाले को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गुरुग्राम की एक महिला को ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठने के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो का डर दिखाकर पीड़िता से 18 लाख रुपये की मांग की थी।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश शर्मा के रूप में हुई है और उसे यहां पटियाला हाउस अदालत के पास से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पीड़िता से तीन लाख रुपये वसूल लिए थे और 15 लाख रुपये और मांग रहा था।

अधिकारी के अनुसार, इस मामले में उसकी पत्नी नीतू शर्मा को गुरुग्राम पुलिस ने पहले ही पैसे लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था जबकि राकेश फरार था।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ महिला की शिकायत पर 21 मार्च 2026 को गुरुग्राम के पालम विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि कोविड काल में उसने आरोपी राकेश शर्मा द्वारा संचालित योग कक्षाओं में भाग लिया था। उसका आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ घनिष्ठ संबंध विकसित किए और फिर शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का आरोप है कि शर्मा ने उसके निजी पलों का वीडियो गुपचुप तरीके से रिकॉर्ड किया और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा में उपायुक्त (डीपीसी) आदित्य गौतम ने एक बयान में बताया कि आरोपी ने पैसे लेने के बावजूद वीडियो डिलीट नहीं किए और मार्च 2026 में पीड़िता के पति को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर 15 लाख रुपये मांगे।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है और वह उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद में हत्या के एक मामले में भी शामिल था जिसमें वह आठ-नौ साल जेल में रहा था।

अधिकारी ने बताया कि 2018 में जमानत मिलने के बाद उसने योग की कक्षाएं शुरू की थीं।

दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना गुरुग्राम पुलिस को दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments