नई दिल्ली: बिहार में महिला एवं बाल विकास निगम ने दिल्ली स्थित छांव फाउंडेशन के साथ साझेदारी कर एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं और बच्चों के समग्र पुनर्वास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. इस कार्यक्रम के तहत राज्य के करीब 160 सर्वाइवर्स को चिकित्सा, शिक्षा, कौशल विकास और स्थायी आजीविका से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
इस साझेदारी के अंतर्गत 15 अप्रैल से 5 मई तक 20 दिवसीय विशेष कार्यक्रम पटना के फ्रेजर रोड स्थित यूथ हॉस्टल में चल रहा है. इसमें छांव फाउंडेशन की टीम सर्वाइवर्स से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनकी मानसिक, शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक जरूरतों का विस्तृत आकलन कर रही है. काउंसलिंग सत्रों के माध्यम से उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को समझा जा रहा है.
महिला एवं बाल विकास निगम और छांव फाउंडेशन ने इस पहल को दीर्घकालिक और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया है. प्रबंध निदेशक बंदना प्रेयषी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य एसिड अटैक पीड़ितों को सम्मानजनक जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना है और इसके लिए समन्वित पुनर्वास व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.