scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशममता बनर्जी का ‘‘जंगल राज’’ चार मई को समाप्त हो जाएगा : भाजपा

ममता बनर्जी का ‘‘जंगल राज’’ चार मई को समाप्त हो जाएगा : भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) राजनीतिक परामर्श फर्म ‘आई-पैक’ से जुड़े मामले में उच्चतम न्यायालय की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘‘अराजकता का प्रतीक’’ बताया। पार्टी ने कहा कि विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के साथ ही चार मई को ममता बनर्जी का ‘‘जंगल राज’’ समाप्त हो जाएगा।

न्यायालय ने आई-पैक के कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तलाशी के दौरान मुख्यमंत्री की कार्रवाई पर सवाल उठाए। ‘आई-पैक’ कार्यालय पर ईडी द्वारा की गई छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी द्वारा कथित तौर पर बाधा डाले जाने के मामले की न्यायालय ने गहन पड़ताल की और कहा कि यदि कोई मुख्यमंत्री जांच में हस्तक्षेप करता है तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है।

न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एन वी अंजारी की पीठ ने कहा, ‘‘यह केंद्र और राज्य के बीच का विवाद नहीं है। किसी भी राज्य का कोई भी मुख्यमंत्री किसी जांच या छानबीन के बीच में आकर लोकतंत्र को खतरे में डालता है और फिर आप कहते हैं कि यह केंद्र और राज्य के बीच का विवाद है।’’

न्यायालय ने यह टिप्पणी तब की जब पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से अदालत में पेश हुईं वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी ने ईडी की याचिका की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि विवाद मूल रूप से केंद्र और राज्य के बीच है।

न्यायालय की टिप्पणियों का हवाला देते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अगर ममता बनर्जी में ‘जरा सी भी शर्म’ बची है, तो उन्हें तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘उच्चतम न्यायालय ने ममता बनर्जी को उनके अराजकतावादी रवैये के लिए फटकार लगाई…हमने देखा कि कैसे ममता बनर्जी ने ईडी अधिकारी को कोयला घोटाले की जांच करने से रोका और सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की। ममता बनर्जी जंगल राज का पर्याय और अराजकता का प्रतीक बन गई हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लोग बनर्जी से तंग आ चुके हैं। भाटिया ने कहा, ‘‘कल पहले चरण का मतदान होगा और पश्चिम बंगाल के लोग एक बड़े बदलाव की मांग कर रहे हैं। वे इसी के लिए वोट देंगे। ममता बनर्जी का जंगल राज अब और नहीं चलेगा। लोग उन्हें सबक सिखाएंगे। चार मई को ममता बनर्जी का जंगल राज समाप्त हो जाएगा।’

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को होने जा रहा है। मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments