नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाएं कीं. जॉयपुर और गारबेटा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं में उन्होंने टीएमसी सरकार पर तीखा हमला करते हुए राज्य में विकास और कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की धरती रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसी विभूतियों की भूमि रही है, लेकिन आज यह अराजकता और बेरोजगारी से जूझ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में तुष्टिकरण, गुंडागर्दी और विकास अवरोध बढ़े हैं.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार आने पर बंगाल में विकास की नई यात्रा शुरू होगी और केंद्र की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता से मिलेगा. उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं में बड़ा बदलाव हुआ है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में अब दंगे और कर्फ्यू नहीं हैं, बल्कि विकास और रोजगार का वातावरण है. उन्होंने बंगाल में भी उसी मॉडल को लागू करने का आह्वान करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की.