नई दिल्ली: बिहार के पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 18.11 करोड़ रुपये की लागत से परशुराम स्थान परिसर में कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण योजना का शिलान्यास किया और परशुराम मेले का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने भगवान परशुराम की जयंती पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और कमर्शियल गतिविधियों को बढ़ावा देगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और विकास कार्यों की विस्तृत योजना तैयार की जाए.
उन्होंने कहा कि मोकामा क्षेत्र में उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं और हैवी इंडस्ट्री के लिए भूमि चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने मोकामा अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी आश्वासन दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है. कार्यक्रम में कई मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी भाग लिया और विकास परियोजनाओं पर विचार व्यक्त किए.