नई दिल्ली: तमिलनाडु के राशिपुरम विधानसभा क्षेत्र में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रोड शो कर डॉ प्रेम कुमार के समर्थन में जनता से वोट मांगे. अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और तमिलनाडु के योगदान की सराहना की और कहा कि देश लगातार प्रगति कर रहा है. उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता और आरके लक्ष्मण को याद करते हुए इस भूमि को नमन किया.
सीएम यादव ने कहा कि विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल को पास नहीं होने दिया क्योंकि उन्हें डर था कि “दूसरी जयललिता” जैसी नेता उभर सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि गरीब, किसान और सामान्य परिवार की बेटियां संसद और विधानसभा तक पहुंचें. उन्होंने कांग्रेस और डीएमके पर परिवारवाद और सत्ता के केंद्रीकरण का आरोप लगाया और कहा कि ये दल जनता को अवसर नहीं देना चाहते.
उन्होंने तमिलनाडु में पानी और सिंचाई की समस्या का भी उल्लेख किया और कहा कि जो सरकार मूलभूत सुविधाएं नहीं दे सके वह बदलनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आगामी चुनाव में गठबंधन की जीत होगी और 4 मई को विजय जुलूस निकलेगा.