कोलकाता, 16 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में चुनाव तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है और वरिष्ठ अधिकारी राज्यभर के जिलों का दौरा कर शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि 15 मार्च को आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू होने के बाद से प्रवर्तन एजेंसियों ने नकदी समेत अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की है, जिनकी कुल कीमत 416 करोड़ रुपये से अधिक है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिन में वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर तैयारियों, मतदान कर्मियों की आवाजाही और मतदाता जागरुकता उपायों का जायजा लेने के लिए जिलों का दौरा कर रहे हैं, ताकि दो चरणों में होने वाले चुनावों को सुचारू रूप से कराया जा सके।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती के नेतृत्व में एक टीम ने जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और पर्यवेक्षकों के साथ पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा और हुगली में तैयारियों की समीक्षा की।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त पवन कुमार शर्मा की अगुवाई वाले एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने नदिया और मुर्शिदाबाद में इसी तरह की बैठकें कीं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, अब तक पश्चिम बंगाल भर में प्रवर्तन एजेंसियों ने नकदी, शराब, मादक पदार्थ, कीमती धातुओं और अन्य प्रलोभन सामग्री सहित कुल 416.93 करोड़ रुपये की जब्ती की है।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त सामग्री में 19.73 करोड़ रुपये नकद, 78.40 करोड़ रुपये की शराब और 95.75 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि सीआईएसएफ, बीएसएफ, राज्य पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अंतरराज्यीय सीमा चौकियों पर कई बड़ी बरामदगियां की हैं।
पुलिस ने 327 अवैध हथियार, 539 कारतूस और 1,100 से अधिक देसी बम जब्त किए हैं, जबकि 41,500 से अधिक लाइसेंसी आग्नेयास्त्र अधिकारियों के पास जमा कराए गए हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीट के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।
भाषा खारी नोमान
नोमान
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
