मुंबई, 13 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे तथा उद्धव ठाकरे ने सोमवार को आशा भोसले के मुंबई स्थित आवास पहुंचकर महान गायिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सात दशकों तक अपनी सुरीली आवाज से पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध करती रहीं 92 वर्षीय गायिका का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया।
राज्यपाल वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे भोसले के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया।
गायिका की पार्थिव देह को लोअर परेल स्थित उनके कासा ग्रैंड आवास की लॉबी में रखा गया है। अंतिम संस्कार शाम चार बजे दादर के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री शिंदे और ठाकरे गायिका के बेटे आनंद और पोती ज़नाई सहित परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते दिखे। इस दौरान ठाकरे की पत्नी रश्मि की आंखों में आंसू थे।
महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार और मंगल प्रभात लोढा, राकांपा (शप) की सांसद सुप्रिया सुले और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने भी दिवंगत गायिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाषा नेत्रपाल मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
