scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशगुजरात के सुरेंद्रनगर में ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत

गुजरात के सुरेंद्रनगर में ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत

Text Size:

सुरेंद्रनगर (गुजरात), 13 अप्रैल (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।

लखतर के पुलिस निरीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि यह घटना लखतर-विरामगाम राजमार्ग पर देर रात करीब 1.30 बजे उस समय घटी, जब तीर्थयात्रियों का एक समूह राजकोट से बहुचराजी मंदिर में दर्शन करने के लिए पैदल जा रहा था।

उन्होंने बताया कि जिले के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि छह तीर्थयात्री और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि घायलों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा, “यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्री पैदल जा रहे थे। वे बहुचराजी के एक मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।”

अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा अमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments