बागपत (उप्र), 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत में एक पुलिस कांस्टेबल पर धर्म परिवर्तन और शादी के लिए दबाव डालने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
डायल 112 सेवा में तैनात कांस्टेबल श्रीकांत की शिकायत पर शनिवार को खेकड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि 2022 में गाजियाबाद में तैनाती के दौरान दिल्ली की निवासी आरोपी महिला हिना उर्फ मुब्बासरीन से उनकी मुलाकात हुई थी।
उन्होंने दावा किया कि बाद में महिला ने उन पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इनकार किया, तो महिला ने उन्हें दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी, जिसकी वजह से वह दबाव में आकर धर्म परिवर्तन और शादी करने के लिए मजबूर हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला लगातार उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, महिला कथित रूप से कांस्टेबल को दिल्ली की एक मस्जिद में ले गई, जहां धर्म परिवर्तन से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए। आरोप है कि महिला ने उन पर धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने और जमात से जुड़ने का भी दबाव बनाया।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि मामले में उत्तर प्रदेश अवैध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं समेत संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को शनिवार को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
