अलप्पुझा (केरल), 12 अप्रैल (भाषा) वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने निर्वाचन आयोग के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुट्टनाड विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उम्मीदवार रेजी चेरियन पैसे के बदले वोट देने संबंधी गतिविधियों में शामिल थे।
एलडीएफ चुनाव समिति ने शिकायत में कहा कि चेरियन ने नकदी और यूपीआई के माध्यम से पैसे वितरित किए।
केरल विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को हुए थे और सभी 140 सीटों के परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।
एलडीएफ नेताओं ने रविवार को बताया कि उन्होंने इस मामले से संबंधित एक कथित वीडियो भी जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा है तथा यूडीएफ उम्मीदवार के खिलाफ विस्तृत जांच की मांग की है।
चेरियन ने यह चुनाव केरल कांग्रेस (जोसेफ) के टिकट पर लड़ा, जो यूडीएफ का एक घटक दल है। उनका मुकाबला राकांपा (शप) के मौजूदा विधायक थॉमस के. थॉमस से था।
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चेरियन ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि वह किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “जब अधिकारी शिकायत के आधार पर मुझसे जवाब मांगेंगे, तो मैं सबूतों के साथ जवाब दूंगा।”
उन्होंने यूपीआई के उपयोग से इनकार किया।
उन्होंने कहा, “अनपढ़ लोग भी जानते हैं कि यूपीआई बैंक खाते से जुड़ा होता है। वे यह साबित करें कि मेरे किसी खाते से पैसे ट्रांसफर हुए हैं। मैं यूपीआई का इस्तेमाल ही नहीं करता।”
चेरियन ने यह भी कहा कि एलडीएफ द्वारा दिखाया गया वीडियो उनके अपने फेसबुक पेज से लिया गया है और वह एक साल पहले पोस्ट किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंद्वी थॉमस ने पहले भी उनके खिलाफ ऐसे “झूठे” आरोप लगाए थे।
चेरियन पहले राकांपा (शप) के सदस्य थे। हालांकि वह थॉमस के साथ विवाद के बाद केरल कांग्रेस में शामिल हो गए और उनके खिलाफ चुनाव लड़ा।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
