scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमखेलदिल्ली के आरित अंतरराष्ट्रीय मास्टर नार्म हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बने

दिल्ली के आरित अंतरराष्ट्रीय मास्टर नार्म हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बने

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के 10 वर्षीय आरित कपिल स्पेन के मेनोरका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के अंतिम दौर में ऑस्ट्रेलिया के सैमुअल असाका के साथ ड्रॉ खेलकर अंतरराष्ट्रीय मास्टर (आईएम) नॉर्म हासिल करने वाले भारत के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।

उन्होंने महज 10 वर्ष सात महीने की उम्र में इस उपलब्धि को हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया।

आरित ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार तरीके से करते हुए दूसरे दौर में कजाखस्तान के पूर्व विश्व अंडर-20 चैंपियन और ग्रैंडमास्टर नोगरबेक काजीबेक को हराया।

दिल्ली के इस खिलाड़ी के लिए पिछले साल अंडर-11 राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतना उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। वह वर्तमान में 2015 में जन्मे खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग में दूसरे नंबर पर हैं।

इस प्रतियोगिता में आरित का सबसे यादगार प्रदर्शन अर्जेंटीना के 12 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय मास्टर ओरो फॉस्टिनो के खिलाफ रहा, जिन्हें ‘शतरंज की दुनिया का मेसी’ कहा जाता है। इस मुकाबले में आरित ने संयम दिखाते हुए ड्रॉ हासिल किया और वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया।

आरित को अंतिम तीन मुकाबलों में केवल आधा अंक चाहिए था, लेकिन लगातार दो हार के बाद उनका पहला आईएम नॉर्म हासिल करने का सपना मुश्किल में पड़ता नजर आया। उन्होंने हालांकि अंतिम दौर में खुद को संभाला और तेजी से सही चालें चलते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

भाषा

आनन्द पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments