scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशअर्थजगतआहाना रिजॉर्ट को उत्तराखंड के पर्यटन भविष्य पर बड़ा भरोसा, विस्तार पर जोर

आहाना रिजॉर्ट को उत्तराखंड के पर्यटन भविष्य पर बड़ा भरोसा, विस्तार पर जोर

Text Size:

रामनगर (उत्तराखंड), 12 अप्रैल (भाषा) जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के हरे-भरे किनारों पर स्थित 14 एकड़ में फैला आहाना रिजॉर्ट पर्यावरण के अनुकूल विस्तार पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहा है। रिजॉर्ट के प्रबंधन ने अपनी विस्तार योजनाओं को पूरी तरह से उत्तराखंड की सीमाओं के भीतर ही रखने का संकेत दिया है।

आहाना रिजॉर्ट के प्रबंध निदेशक कमल त्रिपाठी ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत के दौरान आतिथ्य सत्कार के क्षेत्र में राज्य की अप्रयुक्त संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम भविष्य में विस्तार करना चाहेंगे। उत्तराखंड आतिथ्य क्षेत्र के लिए अवसरों का राज्य है।’’

उन्होंने बेहतर बुनियादी ढांचे, विशेष रूप से बेहतर संपर्क और पास के हवाई अड्डे के विकास की जरूरत पर भी बल दिया, जिससे क्षेत्र के पर्यटन आकर्षण में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

करीब 4,500 से अधिक पेड़ों के बीच स्थित यह रिजॉर्ट खुद को एक ‘हरित’ स्थल के रूप में स्थापित कर चुका है, जो पारिस्थितिक संवेदनशीलता के साथ विलासिता का मेल है। अपनी आरोग्य सेवाओं को मजबूत करते हुए रिजॉर्ट ने हाल ही में फ्रांसीसी स्पा ब्रांड ‘एल’ऑक्सिटेन’ को पेश किया है।

विस्तार के मोर्चे पर निदेशक आयु त्रिपाठी ने बताया कि रिजॉर्ट 30 नए कमरे जोड़ने के अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा, ‘‘मई के अंत तक हमारे पास कुल 99 कमरे होंगे, जो मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।’’

भौगोलिक विस्तार पर बात करते हुए निदेशक अवनी त्रिपाठी ने राज्य के भीतर ही अपनी जड़ों को गहरा करने को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें राज्य के भीतर काम करने में बहुत सहजता महसूस होती है। उत्तराखंड के भीतर विस्तार हमारे लिए बहुत सार्थक होगा।’’

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments