हैदराबाद, 11 अप्रैल (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी तथा केंद्रीय मंत्रियों जी. किशन रेड्डी और बंडी संजय कुमार सहित कई नेताओं ने महान समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रेड्डी दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने अपने आवास पर फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार फुले के सामाजिक न्याय और समान अवसरों के आदर्शों से प्रेरित है।
किशन रेड्डी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के साथ यहां अंबरपेट में फुले की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
संजय कुमार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रशंसक फुले ने जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया और बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए काम किया।
कुमार ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस का शासन फुले के आदर्शों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि राज्य में साक्षरता दर राष्ट्रीय औसत से कम है।
फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था और उनका निधन 28 नवंबर 1890 को हुआ।
भाषा
सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
