scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशसपा प्रमुख का बयान पूरी तरह तथ्यों से परे,अपनी राजनीतिक विफलताएं छिपाने का प्रयास: पंकज चौधरी

सपा प्रमुख का बयान पूरी तरह तथ्यों से परे,अपनी राजनीतिक विफलताएं छिपाने का प्रयास: पंकज चौधरी

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

लखनऊ, 10 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा प्रमुख का बयान पूरी तरह तथ्यों से परे, भ्रम फैलाने वाला और अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास मात्र है।

यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा अंतिम मतदाता सूची की घोषणा के तुरंत बाद यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

यादव के बयान के कुछ घंटों बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय से जारी एक बयान में चौधरी ने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी चुनावी मैदान में जनता का विश्वास खोती है, तब-तब वह लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है।

उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि देश की संवैधानिक संस्थाएं पूर्णतः स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कार्य कर रही हैं तथा उन पर सवाल उठाना लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां कानून के दायरे में रहकर कार्य करती हैं, इन एजेंसियों की कार्रवाई केवल उन लोगों के खिलाफ होती है, जिन पर गंभीर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के प्रमाण मिलते हैं।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों का इन एजेंसियों के निशाने पर आना उनके कार्यों का परिणाम है, न कि किसी राजनीतिक साजिश का।

फर्जी वोट कटवाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि यह पूरी तरह से निराधार और मनगढ़ंत कहानी है।

चौधरी ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन देगी तथा समाजवादी पार्टी जैसी नकारात्मक सोच वाली राजनीति को पूरी तरह नकार कर भाजपा को अभूतपूर्व जीत दिलाने के लिए मतदान करेगी।

भाषा आनन्द राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments