scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशअर्थजगतव्यापार समझौते के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने को तैयार : सर्जियो गोर

व्यापार समझौते के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने को तैयार : सर्जियो गोर

Text Size:

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, नौ अप्रैल (भाषा) भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह इस महीने के अंत में वाशिंगटन पहुंचने वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने और प्रस्तावित व्यापार समझौते पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।

गोर इस समय अमेरिका की यात्रा पर हैं। उन्होंने ग्रीर के साथ हुई इस बैठक को ‘बेहद सार्थक’ बताया।

सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘दक्षिण और मध्य एशिया में अमेरिकी राष्ट्रपति की व्यापार प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए ग्रीर के साथ बेहद सार्थक बैठक हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत पहले ही एक व्यापार समझौते पर सहमत हो चुके हैं और हम इस महीने के अंत में वाशिंगटन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने के लिए तत्पर हैं।’’

यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने वाशिंगटन में ‘भारत-अमेरिका व्यापार सुविधा पोर्टल’ की शुरुआत की। दोनों देश आपसी व्यापार को 500 अरब डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

कई महीनों की बातचीत के बाद भारत और अमेरिका ने फरवरी में एक ‘अंतरिम व्यापार समझौते’ के ढांचे की घोषणा की थी। यह ढांचा दोनों देशों के बीच पारस्परिक और लाभकारी व्यापार को बढ़ावा देने, बाजार तक पहुंच बढ़ाने और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर केंद्रित है।

इससे पहले मंगलवार को गोर ने अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा से भी मुलाकात की थी। क्वात्रा ने कहा था कि दोनों पक्ष अपने नेताओं द्वारा तय किए गए रणनीतिक संबंधों के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए ठोस प्रयास कर रहे हैं।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments