scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमखेलभारत के खिलाफ जून में टेस्ट से बाहर रह सकते हैं राशिद खान

भारत के खिलाफ जून में टेस्ट से बाहर रह सकते हैं राशिद खान

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) कमर के आपरेशन के बाद टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की डॉक्टर की सलाह के बाद अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने संकेत दिये हैं कि वह जून में भारत के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं ।

राशिद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप के लिये फिट रहने की है ।

27 वर्ष के राशिद ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद कमर की सर्जरी कराई थी । उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है लेकिन इसके बावजूद पिछले साल उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट खेलकर 54 ओवर डाले और 11 विकेट लिये थे ।

राशिद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बृहस्पतिवार को गुजरात टाइटंस की एक रन से जीत के बाद कहा ,‘‘ यह काफी कठिन सवाल है । डाक्टर ने मुझे सबसे पहले टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने के लिये ही कहा था । इसके बावजूद मैने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ डॉक्टर ने मुझसे कहा कि अगर क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हो तो टेस्ट क्रिकेट खेलते रहो ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ वनडे क्रिकेट में मुझे मजा आता है और मैं अफगानिस्तान के लिये लंबे समय तक खेल सकता हूं । लेकिन एहतियात बरतनी होगी कि खुद पर अधिक बोझ नहीं डालूं ।’’

आईपीएल के बाद भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,‘‘ आप काफी कठिन सवाल पूछ रहे हैं । मैं 2025 में एक टेस्ट खेल चुका हूं और अब विश्व कप की तैयारी करूंगा । अगर उस टेस्ट में कमर में फिर तकलीफ हो गई तो ? मैं सौ टेस्ट नहीं खेल सकता । अगर मैं साल में एक टेस्ट खेल रहा हूं तो सौ साल तक तो खेलूंगा नहीं । लिहाजा टेस्ट क्रिकेट में कोई लक्ष्य नहीं है ।’’

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments