scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशजयपुर में जापानी पर्यटक से छेड़छाड़, पुलिस जांच में जुटी

जयपुर में जापानी पर्यटक से छेड़छाड़, पुलिस जांच में जुटी

Text Size:

जयपुर, छह अप्रैल (भाषा) जयपुर के आमेर इलाके में जापान की एक महिला पर्यटक से कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि वह पूरे प्रकरण की जांच कर रही और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक कथित घटना रविवार सुबह उस समय हुई जब महिला जयगढ़ किले घूमने गई थी और पास के मंदिर की ओर पैदल जा रही थी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला पर्यटक दो-तीन दिन पहले ही जापान से राजस्थान आई थी और किले के पास स्थित गणेश मंदिर की ओर जा रही थी।

उन्होंने कहा, ‘‘पांच लोगों ने सुनसान इलाके में उसे रोक लिया और उसके साथ बदतमीजी व छेड़छाड़ करने लगे।’’

अधिकारी ने बताया कि महिला ने शोर मचाया और वहां से भाग निकलने में कामयाब रही, वह दौड़कर पास में मौजूद सुरक्षा गार्ड के पास पहुंची। महिला को परेशान हालत में देखकर गार्ड ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि जैसे ही महिला ने मदद के लिए शोर मचाया और गार्ड वहां पहुंचा तो आरोपी भाग निकले।

पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज में पांच लोग संदिग्ध तरीके से पहाड़ी से नीचे उतरते दिखाई दे रहे हैं और उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा पृथ्वी धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments