scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशसत्ता में आए, तो जेल गए BJP कार्यकर्ताओं को देंगे 5000 रुपये भत्ता: सुवेंदु अधिकारी

सत्ता में आए, तो जेल गए BJP कार्यकर्ताओं को देंगे 5000 रुपये भत्ता: सुवेंदु अधिकारी

बंगाल चुनाव से पहले TMC पर तीखा हमला, बोले—जनता का ‘सुनामी’ हटाएगी सरकार.

Text Size:

खड़गपुर (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को दावा किया कि चुनाव के दिन जनता का “तूफान और सुनामी” तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को सत्ता से हटा देगा. उन्होंने कहा कि यदि राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है, तो पहली कैबिनेट बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज “फर्जी मामलों” को वापस लिया जाएगा.

अधिकारी ने कहा, “जनता उन्हें (टीएमसी) जड़ से उखाड़कर फेंक देगी. जैसे ही हमारी सरकार बनेगी, हम पहली कैबिनेट बैठक में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी फर्जी केस वापस ले लेंगे. जो कार्यकर्ता जेल गए हैं, उन्हें बीजेपी सरकार ‘फाइटर अलाउंस’ के रूप में 5,000 रुपये देगी.”

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में चुनाव प्रचार तेज हो गया है. खड़गपुर में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारी के समर्थन में रोड शो किया, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनके नामांकन के दिन रैली को संबोधित किया.

दो अप्रैल को नामांकन के दौरान अमित शाह ने कहा, “इस बार कोई डरना नहीं चाहिए, कोई गुंडा बंगाल के मतदाताओं को रोक नहीं सकता. सभी लोग बिना डर के वोट करें और TMC को बंगाल की खाड़ी में फेंक दें.” शाह ने भबानीपुर की जनता से बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी ‘सोनार बांग्ला’ बनाना चाहती है और इसके लिए टीएमसी को हराना ज़रूरी है.

शाह ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बदलाव देखने को मिला है और अगर बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है, तो राज्य में भी बदलाव आएगा. उन्होंने कहा, “पिछली बार ममता बनर्जी एक सीट हार गई थीं, इस बार वे पूरे बंगाल में हारेंगी.”

अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत “जय श्री राम” के नारे से की और कहा कि राज्य में बदलाव की ज़रूरत है. उन्होंने कहा कि वे विधानसभा चुनाव के दौरान 15 दिन तक राज्य में रहकर प्रचार करेंगे.

इससे पहले सुवेंदु अधिकारी ने भी दावा किया कि ममता बनर्जी चुनाव हारने वाली हैं. अधिकारी इस बार भाजपा के टिकट पर भबानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं.

इस बार पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी.

2021 में आठ चरणों में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 213 सीटों के साथ बड़ी जीत मिली थी, जबकि भाजपा को 77 सीटें मिली थीं. कांग्रेस और वाम मोर्चा को एक भी सीट नहीं मिली थी.

share & View comments