नागपुर, तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के 42 वर्षीय जवान की उसकी बेटी के प्रेमी और उसके साथियों ने कथित तौर पर हत्या कर दी, जिसके बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एमआईडीसी पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मातोश्री नगर इलाके में सहायक उप निरीक्षक पंकज ठाकुर पर जानलेवा हमला किया गया। इस घटना में उनका एक अन्य रिश्तेदार अर्पित (30) भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आकाश हरिदास मंडल (23) का पिछले दो वर्षों से ठाकुर की 16 वर्षीय बेटी के साथ संबंध में था। ठाकुर इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने मंडल को कई बार नाबालिग से दूर रहने की चेतावनी दी थी।
अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात स्थानीय मंदिर में हनुमान जयंती कार्यक्रम के दौरान आकाश कथित तौर पर लड़की के पास गया और उससे बात करने लगा। अधिकारी ने बताया कि ठाकुर ने यह देखा और उसे वहां से जाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जिसके बाद आरोपी घर चला गया और अपने रिश्तेदारों तथा दोस्तों के साथ चाकू लेकर लौटा।
अधिकारी ने बताया, “समूह ने एसआरपीएफ जवान पर धारदार हथियारों से हमला किया। जब अर्पित ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उस पर भी हमला किया गया। दोनों पीड़ितों को शालिनीताई मेघे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ठाकुर को मृत घोषित कर दिया।”
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मंडल, उसके भाई हर्षद और उसकी मां समेत पांच लोगों को हत्या में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
