scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमखेलअभिषेक शर्मा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना

अभिषेक शर्मा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना

Text Size:

कोलकाता, तीन अप्रैल (भाषा) सनराइजर्स हैदराबाद के उप कप्तान अभिषेक शर्मा पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

अभिषेक ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 के तहत लेवल एक के उल्लंघन का अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया।

आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के मामलों में मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है।

अभिषेक ने 21 गेंदों में 48 रन बनाकर सनराइजर्स को शानदार शुरुआत दिलाई थी। सनराइजर्स ने यह मैच 65 रन से जीता जो उसकी मौजूदा टूर्नामेंट में पहली जीत भी है।

अभिषेक ने अपनी पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाए लेकिन टीवी अंपायर नितिन मेनन के फैसले पर असहमति जताने के लिए उन पर जुर्माना लगाया गया।

वरुण चक्रवर्ती ने नौवें ओवर में ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर डाइव लगाकर अभिषेक का कैच लिया, लेकिन इस बात का कोई निर्णायक सबूत नहीं था कि कैच साफ तरीके से लिया गया था।

लेकिन मेनन ने कैच को वैध करार दिया, जिस पर अभिषेक ने अपनी असहमति जताई थी।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments