scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमरिपोर्टमुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में जौनपुर अव्वल, लक्ष्य से अधिक युवाओं को मिला लोन

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में जौनपुर अव्वल, लक्ष्य से अधिक युवाओं को मिला लोन

FY 2025-26 में 3.86 लाख से अधिक आवेदन, 1.38 लाख युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण वितरित.

Text Size:

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रहे हैं. इसी क्रम में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर देने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं. इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) योजना युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है.

वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 1.5 लाख लोन वितरण का लक्ष्य रखा गया था, जबकि पूरे प्रदेश से 3,86,092 युवाओं ने आवेदन किया. इनमें से 3,30,441 आवेदन बैंकों को भेजे गए, 1,45,454 आवेदनों को स्वीकृति मिली और अब तक 1,38,304 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन दिया जा चुका है. इससे साफ है कि यह योजना युवाओं को उद्यमिता की ओर तेजी से आकर्षित कर रही है.

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत जौनपुर जिले ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि जिले को 2,700 युवाओं को लोन देने का लक्ष्य मिला था, जबकि इसके मुकाबले 9,785 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें 8,406 आवेदन बैंकों को भेजे गए और 4,092 युवाओं को लोन वितरित किया जा चुका है. इस तरह जौनपुर ने लक्ष्य के मुकाबले 151.56 प्रतिशत ऋण वितरण कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया. पूरे वित्तीय वर्ष में जौनपुर की स्थिति पहले स्थान पर बनी रही.

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिले में ब्लॉक स्तर पर वर्कशॉप आयोजित कर युवाओं को योजना की जानकारी दी जा रही है. बैंकर्स और आवेदकों को आमने-सामने बैठाकर काउंसिलिंग कराई जा रही है, जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को योजना का लाभ मिल रहा है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को 2,700 लोन का लक्ष्य मिला था, जिसके मुकाबले 8,871 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 7,751 आवेदन बैंकों को भेजे गए और 4,049 युवाओं को लोन दिया गया. इस तरह आजमगढ़ ने 149.96 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया.

share & View comments