scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशभाजपा ने झारखंड बंद को नौ अप्रैल तक के लिए टाला

भाजपा ने झारखंड बंद को नौ अप्रैल तक के लिए टाला

Text Size:

रांची, एक अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘गुड फ्राइडे’ और संयुक्त प्रवेश परीक्षा-मुख्य (जेईई-मेन) के मद्देनजर झारखंड बंद को नौ अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया है। पार्टी ने एक बयान में यह जानकारी दी।

पार्टी ने बंद के लिए समर्थन जुटाने को लेकर मशाल जुलूसों को भी दो अप्रैल से पुनर्निर्धारित करके तीन अप्रैल को आयोजित करने की घोषणा की।

इससे पहले, पार्टी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की कथित बिगड़ती स्थिति के विरोध में और हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर बलात्कार और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर तीन अप्रैल के बंद की घोषणा की थी।

उन्होंने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 और जनवरी 2026 के बीच राज्य में बलात्कार के 10,113 मामले, अपहरण के 11,003 मामले, चोरी के 60,000 से अधिक मामले और हत्या के 9,213 मामले दर्ज किए गए।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा मुद्दा उठाने के बाद ही पुलिस ने हजारीबाग मामले की जांच तेज की। उन्होंने कहा, ‘‘हम दोषियों की पहचान और सजा की मांग करते आ रहे हैं। बंद ऐतिहासिक होगा।’’

झारखंड उच्च न्यायालय ने सोमवार को इस घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य प्रशासन और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया।

परिवार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, लड़की 24 मार्च की रात को राम नवमी समारोह के उपलक्ष्य में निकाली गई मंगला शोभायात्रा देखने अपनी मां के साथ गई थी। उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया और अगले दिन खेत से उसका शव बरामद किया गया। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

इसी बीच, भाजपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी तदाशा मिश्रा से मुलाकात की और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने 28 मार्च को खूंटी जिले में राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान पथराव की कथित घटनाओं का मुद्दा भी उठाया।

भाषा आशीष अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments