scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशराम मंदिर तो बन गया और कृष्ण मंदिर भी बन जाएगा: स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज

राम मंदिर तो बन गया और कृष्ण मंदिर भी बन जाएगा: स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), एक अप्रैल (भाषा) मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर अदालत में विचाराधीन मुकदमे में हिंदू पक्ष की जीत की उम्मीद जताते हुए धार्मिक नेता स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज ने बुधवार को कहा कि ‘राम मंदिर तो बन गया और कृष्ण मंदिर भी बन जाएगा।’

स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज, अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष और मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास के उपाध्यक्ष हैं।

उन्होंने इंदौर में संवाददाताओं के एक सवाल पर कहा,‘‘राम मंदिर तो बन गया। कृष्ण मंदिर भी बन जाएगा। जैसा पूरा देश चाहता है, वैसा बनेगा। इसका प्रकरण न्यायालय में चल रहा है और बहुत कठिन कुछ भी नहीं है।’’

स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज ने आगे कहा कि भगवान कुछ ही वक्त में लोगों की मनोकामना निश्चित रूप से पूरी करेंगे।

अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर मंदिर बनने का हवाला देते हुए उनसे मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के मंदिर से जुड़े मसले को लेकर सवाल किया गया था।

संवाददाताओं के साथ संक्षिप्त बातचीत से पहले, स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज इंदौर की सामाजिक संस्था ‘सार्थक’ द्वारा ‘समर्पण के प्रतीक महावीर’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि पिछले 150-200 सालों से भारत को संप्रदायों, क्षेत्रों, खान-पान, जातियों और भाषाओं के आधार पर विभाजित करने की साजिश जारी है जिसके दुष्परिणाम देश के लोग भुगत रहे हैं।

धार्मिक नेता ने कहा,‘‘मैं तो कभी-कभी कल्पना करता हूं कि यदि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं होता, तो इस देश का क्या होता? इस देश का भूगोल बदल जाता और देश टुकड़ों-टुकड़ों में बंट जाता।’’

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments