scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमखेलनायर ने चक्रवर्ती का समर्थन करते हुए कहा, वह वापसी करेगा

नायर ने चक्रवर्ती का समर्थन करते हुए कहा, वह वापसी करेगा

Text Size:

कोलकाता, एक अप्रैल (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का समर्थन करते हुए कहा कि यह तय है कि खराब फॉर्म से जूझ रहा यह स्पिनर कुछ मुकाबलों में लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद अपनी पुरानी लय हासिल कर लेगा।

चक्रवर्ती की हालिया खराब फॉर्म चर्चा का विषय बन गई हैं लेकिन नायर का कहना है कि यह स्पिनर मानसिक रूप से मजबूत है और अपने करियर के एक और मुश्किल दौर से उबरने में सक्षम है।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाइट राइडर्स के पहले घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर नायर ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। एक फ्रेंचाइजी के तौर पर, एक सहयोगी स्टाफ के तौर पर हम उसका समर्थन करते हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हां, दूसरी टीमें उसके खिलाफ अच्छा खेल रही हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि वह वापसी नहीं कर सकता। इसका मतलब बस इतना है कि यह उसकी जिदगी में एक और चुनौती है, जैसी उसे पहले भी मिली हैं।’’

नायर ने कहा, ‘‘और हम कोशिश कर रहे हैं, हम उम्मीद कर रहे हैं और हर तरह से उसका समर्थन कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि दुनिया भर के प्रशंसक भी ऐसा ही करेंगे। चाहे यह मैच हो या भविष्य में कोई और मैच, यह तय है कि वह वापसी करेगा जैसा उसने पहले भी किया है।’’

हालांकि आंकड़े चिंता की ओर इशारा करते हैं। चक्रवर्ती के लिए टी20 विश्व कप काफी मुश्किल रहा। उन्होंने 14 विकेट लेने के बावजूद (जो जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक थे) 9.24 की इकोनॉमी रेट से रन दिए। उनकी मुश्किलें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से शुरू हुईं जब बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की और उन्होंने 47 रन लुटा दिए जिसके चलते भारत को दक्षिण अफ्रीका के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा।

आईपीएल के पहले मैच में भी यही सिलसिला जारी रहा जहां मुंबई इंडियन्स के रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने उनके खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।

इस स्पिनर ने बिना कोई विकेट लिए 48 रन लुटाए और नाइट राइडर्स की टीम वानखेड़े स्टेडियम पर 200 रन से अधिक के स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments