लखनऊ, एक अप्रैल (भाषा) तेज गेंदबाजों लुंगी एनगिडी और टी नटराजन की धारदार गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को 141 रन पर समेट दिया।
एनगिडी (27 रन पर तीन विकेट) और नटराजन (29 रन पर तीन विकेट) की सटीक गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम 18.4 ओवर में सिमट गई। कुलदीप यादव (31 रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट हासिल किए।
सुपर जाइंट्स की ओर से अब्दुल समद (36) और सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (35) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। इन दोनों के अलावा टीम का अन्य कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया।
दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद सुपर जाइंट्स की शुरुआत धीमी रही।
सुपर जाइंट्स ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत (07) का विकेट गंवा दिया जो रन आउट हुए। मार्श ने मुकेश कुमार की गेंद पर सीधा शॉट खेला और गेंदबाज के हाथ से छूने के बाद गेंदबाजी छोर पर गेंद विकेटों से टकरा गई जबकि पंत क्रीज से बाहर खड़े थे।
मार्श ने मुकेश पर पारी का पहला छक्का जड़ा। एडेन मारक्रम (11) ने भी अक्षर की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन अगली गेंद को चूककर बोल्ड हो गए।
सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में दो विकेट पर 48 रन बनाए।
आयुष बडोनी भी खाता खोले बिना नटराजन की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच दे बेठे।
मार्श ने एनगिडी पर एक और छक्का जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने निकोलस पूरन (08) को बोल्ड करके सुपर जाइंट्स को चौथा झटका दिया।
मार्श भी इसके बाद कुलदीप की गेंद को हवा में खेलकर मिड ऑफ पर ट्रिस्टन स्टब्स को कैच दे बैठे जिससे सुपर जाइंट्स का स्कोर पांच विकेट पर 71 रन हो गया। उन्होंने 28 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे।
मुकुल चौधरी (14) ने कुलदीप पर लगातार दो चौके मारे जबकि समद ने नटराज पर चौके के साथ 13वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।
कुलदीप ने मुकुल को अपनी ही गेंद पर लपककर समद के साथ उनकी 34 रन की साझेदारी का अंत किया।
समद ने नटराजन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर बढ़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर मिलर को कैच दे बैठे। उन्होंने 25 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा।
नटराज ने इसी ओवर में मोहम्मद शमी (01) को भी कुलदीप के हाथों कैच कराया जबकि एनगिडी ने एनरिच नोर्किया (00) और मोहसिन खान (00) को आउट करके सुपर जाइंट्स की पारी का अंत किया।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
