scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमखेलतलवार और नागिनी ने स्वर्ण पदक जीतकर केआईटीजी में कर्नाटक का दबदबा बरकरार रखा

तलवार और नागिनी ने स्वर्ण पदक जीतकर केआईटीजी में कर्नाटक का दबदबा बरकरार रखा

Text Size:

रायपुर, एक अप्रैल (भाषा) पैदल चाल के खिलाड़ी दशरथ तलवार और मध्यम दूरी की धाविका नागिनी ने बुधवार को यहां खेलो इंडिया ट्राइबल खेलों (केआईटीजी) के आठवें दिन पदक तालिका में शीर्ष पर चल रहे कर्नाटक के खाते में दो और स्वर्ण पदक जोड़ दिए जबकि छत्तीसगढ़ के गजेंद्र ठाकुर ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता।

जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर एथलेटिक्स ट्रैक पर पुरुषों की 10 किमी पैदल चाल में तलवार ने 45 मिनट 13.85 सेकेंड के समय के साथ कर्नाटक के लिए पहला स्थान हासिल किया।

इसके बाद नागिनी ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में दबदबा बनाते हुए दो मिनट 13.80 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जिससे कर्नाटक के स्वर्ण पदकों की संख्या 21 हो गई। कर्नाटक ने आठ रजत और सात कांस्य पदक भी जीते हैं जिससे उसके कुल पदकों की संख्या 36 हो गई।

छत्तीसगढ़ के गजेंद्र ठाकुर ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। उन्होंने एक मिनट 53.82 सेकेंड का समय निकाला और मुंडा (एक मिनट 53.33 सेकेंड) के बाद दूसरे स्थान पर रहे।

इससे पहले छत्तीसगढ़ की पुरुषों की हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश को 14-6 से हराकर कांस्य पदक जीता।

फुटबॉल में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 3-2 से हराकर पश्चिम बंगाल के खिलाफ फाइनल में जगह पक्की कर ली।

दूसरे सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल ने गोवा को 5-2 से हराया।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments