टैंजियर (मोरक्को), एक अप्रैल (भाषा) भारतीय ट्रैप निशानेबाज बुधवार को यहां आयोजित पहले आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में दो दिन के क्वालीफिकेशन दौर के बाद पुरुष और महिला दोनों वर्ग के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे।
पुरुषों के ट्रैप वर्ग में पांच दौर के बाद 119 अंक के साथ काइनन चेनाई 13वें स्थान पर रहते हुए भारतीय निशानेबाजों के बीच शीर्ष पर रहे जबकि भवनीश मेंदीरत्ता ने 115 अंक के साथ 39वां स्थान हासिल किया।
ओलंपियन पृथ्वीराज टोंडाइमन 57वें स्थान पर रहे जबकि सुल्तान मोहम्मद असद और ज्ञानचंद शरण सुशील क्रमशः 64वें और 73वें स्थान पर रहे।
पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन ग्रेट ब्रिटेन के नाथन हेल्स 123 अंक के साथ क्वालीफिकेशन दौर में शीर्ष पर रहे। फाइनल दौर के लिए केवल आठ निशानेबाज ही क्वालीफाई करते हैं।
मंगलवार को भवनीश और चेनाई के लिए शुरुआती दिन काफी अच्छा रहा था। उन्होंने सटीकता और निरंतरता के साथ निशानेबाजी करते हुए खुद को मुकाबले में बनाए रखा था।
भवनीश और चेनाई दोनों ने 72 निशाने लगाए थे और 25-25 शॉट के तीन दौर (कुल 75 निशाने) के बाद वे सात अन्य निशानेबाजों के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर थे।
बुधवार को महिलाओं के ट्रैप वर्ग में आशीमा अहलावत 111 अंक के साथ 14वें स्थान पर रहीं जबकि कीर्ति गुप्ता और ओलंपियन राजेश्वरी कुमारी क्रमशः 32वें और 37वें स्थान पर रहीं।
श्रेष्ठा सिसोदिया 41वें स्थान पर रहीं जबकि प्रीति रजक 42वें स्थान पर रहीं।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
