scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशअर्थजगतवाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में 195.5 रुपये की बढ़ोतरी

वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में 195.5 रुपये की बढ़ोतरी

Text Size:

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण दुनिया भर में तेल की कीमतों में उछाल के बीच वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में बुधवार को 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई।

सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 2,078.50 रुपये हो गई है।

इससे पहले एक मार्च को 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

घरेलू गैस एलपीजी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है। इससे पहले, सात मार्च को 14.2 किलोग्राम के घरलू एलपीजी के सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ाई गई थी।

सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम अंतरराष्ट्रीय मानकों और विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं।

पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान आने के बाद वैश्विक तेल की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments