scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमखेलआईपीएल की तर्ज पर एमपीएल में लगी खिलाड़ियों की बोली, सबसे महंगे क्रिकेटर बने आशुतोष शर्मा

आईपीएल की तर्ज पर एमपीएल में लगी खिलाड़ियों की बोली, सबसे महंगे क्रिकेटर बने आशुतोष शर्मा

Text Size:

इंदौर, 31 मार्च (भाषा) टी20 क्रिकेट की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर मध्यप्रदेश लीग (एमपीएल) में मंगलवार को पहली बार खिलाड़ियों की बोली लगाई गई और दायें हाथ के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा 15 लाख रुपये का मूल्य पाकर एमपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।

एमपीएल की 10 पुरुष टीमों के लिए 244 खिलाड़ियों को नीलामी की प्रक्रिया में शामिल किया गया था। टीमों की फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौरान इंदौर में पूरी हुई इस प्रक्रिया में आशुतोष शर्मा को मालवा स्टैलियन्स ने 15 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा।

इसी तरह, अक्षत रघुवंशी को रीवा जगुआर्स ने 13.80 लाख रुपये, अनिकेत वर्मा को भोपाल लेपर्ड्स ने 13.20 लाख रुपये और शिवांग कुमार को बुंदेलखंड बुल्स ने 13 लाख रुपये की कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया।

मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अध्यक्ष महान आर्यमन सिंधिया ने संवाददाताओं को बताया, ‘यह पहली बार है, जब एमपीएल में टीम चयन के लिए खिलाड़ियों की बोली लगाई गई है। इससे सारी टीमों के फ्रेंचाइजी उत्साहित रहे और खिलाड़ियों को उनका बेहतर मूल्य मिला।’

अधिकारियों ने बताया कि एमपीएल के मुकाबले जून के दौरान इंदौर में खेले जाएंगे। इस बार एमपीएल में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिनमें तीन नयी टीमें शामिल हैं।

एमपीएल की विजेता टीम को सिंधिया कप व 50 लाख रुपये और उप विजेता टीम को 25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

एमपीसीए के बैनर तले खेली जाने वाली एमपीएल की शुरुआत 2024 में ग्वालियर से की गई थी।

भाषा हर्ष

राजकुमार नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments