scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमखेलऑस्ट्रेलिया में जन्मे विलियम्स ने पदार्पण मैच में गोल किया, भारत ने हांगकांग को 2-1 से हराया

ऑस्ट्रेलिया में जन्मे विलियम्स ने पदार्पण मैच में गोल किया, भारत ने हांगकांग को 2-1 से हराया

Text Size:

कोच्चि, 31 मार्च (भाषा) ऑस्ट्रेलिया में जन्मे रयान विलियम्स ने भारत के लिए अपने पदार्पण मैच को यादगार बना दिया और मंगलवार को यहां खेले गए एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के एक औपचारिक मैच में चौथे ही मिनट में गोल करके मेजबान टीम को हांगकांग पर 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

भारत के लिए दूसरा गोल 50वें मिनट में आकाश मिश्रा ने किया। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल भी था। इस गोल की मदद से खालिद जमील की कोचिंग वाली टीम ने क्वालीफायर के तीसरे दौर में अपनी पहली जीत दर्ज की।

इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में जगह बनाने की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी भारतीय टीम ने अपने अभियान का समापन पांच अंक के साथ किया। टीम ने एक मैच जीता और दो ड्रॉ खेले, जिसके बाद वह ग्रुप सी में सबसे निचले स्थान पर रही।

हांगकांग की ओर से 65वें मिनट में एवर्टन कैमारगो ने एक गोल करके स्कोर का अंतर कम किया।

पिछले साल 10 जून को खेले गए पहले चरण के मैच में भारत को हांगकांग के हाथों 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

सिंगापुर ने मंगलवार को ही दिन में अपने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश को 1-0 से हराया था और ग्रुप सी में शीर्ष पर रहते हुए 2027 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई कर गया।

सिंगापुर ने छह मैच में कुल 14 अंक हासिल किए।

भाषा

नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments