चंडीगढ़, 31 मार्च (भाषा) खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा रबी खरीद मौसम 2026-27 के लिए पूरी तरह से तैयार है, जो एक अप्रैल से शुरू होगा और 15 मई तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य की सभी मंडियों में किसानों के लिए ज़रूरी सुविधाओं और साफ़-सफ़ाई के इंतज़ाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए ज़िला खाद्य और आपूर्ति नियंत्रकों तथा एजेंसी प्रबंधकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
उन्होंने बताया कि खरीद बायोमेट्रिक-आधारित होगी, जिससे किसान या उनका कोई अधिकृत प्रतिनिधि ही इस प्रक्रिया को पूरा कर सकेगा।
मंत्री ने कहा कि सभी मंडियों को ‘जियो-फेंस’ किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि गेट पास जारी करना, नीलामी, ‘जे-फॉर्म’ और उपज की ढुलाई जैसी सभी गतिविधियाँ केवल मंडी परिसर के भीतर ही हों।
उन्होंने कहा कि गेट पास के लिए वाहन की तस्वीर को उसकी पंजीकरण संख्या के साथ ‘अपलोड’ करना अनिवार्य कर दिया गया है।
किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए, ‘जियो-फेंसिंग’ के ज़रिये ‘एग्ज़िट गेट पास’ और भंडारण कार्यों की भी निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खरीद केवल उन किसानों से की जाएगी, जिन्होंने ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है; इसके साथ ही, उपग्रह चित्रों और अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर फ़सल का सत्यापन भी किया जाएगा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
