लाहौर, 31 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां पर मंगलवार को गेंद से छेड़खानी के मामले में पाकिस्तान सुपर लीग के दो मैचों से निलंबित कर दिया गया ।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि मैच रैफरी ने फखर को लेवल तीन के अपराध का दोषी पाया जो पीएसएल में खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिये आचार संहिता की धारा 2 . 14 के उल्लंघन को लेकर है ।
यह घटना कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से पहले की है जब उन्हें जीत के लिये 14 रन की जरूरत थी । फखर को हारिस रऊफ और लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी से बात करते देखा गया । इसके बाद अंपायर फैसल अफरीदी ने गेंद मांगी और उसे देखने के बाद पाया कि इससे छेड़छाड़ की गई है ।
मैदानी अंपायर शाहीद सैकत और फैसल खान आफरीदी , टीवी अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर तारिक रशीद ने आरोप लगाये ।
फखर ने इससे इनकार किया और अनुशासनात्मक सुनवाई की गई । सारे सबूतों और फखर की दलील सुनने के बाद यह सजा तय की गई । इस सुनवाई के दौरान लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम निदेशक समीन राणा और टीम मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद थे ।
इस बीच लाहौर कलंदर्स प्रबंधन ने लाहौर में टीम होटल में पीएसएल का सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने के लिये कप्तान शाहीन शाह पर दस लाख रूपये का जुर्माना लगाया है ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
