scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशआईपीएल मैच के दौरान कई मोबाइल चोरी के सिलसिले में मुख्य आरोपी और कई नाबालिग हिरासत में

आईपीएल मैच के दौरान कई मोबाइल चोरी के सिलसिले में मुख्य आरोपी और कई नाबालिग हिरासत में

Text Size:

बेंगलुरु, 31 मार्च (भाषा) पुलिस ने 28 मार्च को बेंगलुरु में आईपीएल मैच के दौरान हुई मोबाइल फोन चोरी की घटनाओं के सिलसिले में एक मुख्य आरोपी और कई नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने विभिन्न ब्रांड के 21 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 18 लाख रुपये है।

मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने 28 मार्च को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था।

पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया, ‘टूर्नामेंट देखने आए लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए। इस मामले में एक मुख्य आरोपी और कई नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।’

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्य आरोपी से विभिन्न ब्रांड के कुल 21 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं और उसके कई सहयोगियों और नाबालिगों से पूछताछ की गई है। जांच जारी है।

बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि आईपीएल मैच के बाद स्टेडियम परिसर और उसके आसपास मोबाइल फोन चोरी की शिकायतें मिलीं और इस संबंध में मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘पुलिस की अपराध जांच टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक गिरोह को पकड़ा और उनसे 21 मोबाइल फोन बरामद किए।’

उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से और जानकारी जुटाई जा रही है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा, ‘अपराध में शामिल लोग अन्य राज्यों से आए थे और एक होटल में ठहरकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था… इस बात की जांच की जा रही है कि क्या वे केवल इसी उद्देश्य (मोबाइल चोरी) के लिए आए थे और क्या वे अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल थे।’

उन्होंने बताया कि कुल 29 मामले दर्ज किए गए हैं।

भाषा राखी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments