नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) भारत के अभय सिंह को एशियाई स्क्वाश महासंघ (एएसएफ) ने 2025 का ‘उत्कृष्ट पुरुष खिलाड़ी’ घोषित किया जबकि उभरती हुई युवा खिलाड़ी अनाहत सिंह को लड़कियों के वर्ग (जूनियर) में शीर्ष सम्मान के लिए चुना गया।
एएसएफ द्वारा जारी विजेताओं की सूची के अनुसार भारतीय लड़कों की टीम को ‘पुरुष टीम पुरस्कार’ के लिए चुना गया है जिसने मिस्र में आयोजित 2025 विश्व जूनियर टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
अभय वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज हैं। वह कई बार एशियाई खेलों में पदक जीत चुके हैं और एशियाई चैंपियनशिप के विजेता भी हैं। वह उस टीम का भी हिस्सा थे जिसने पिछले साल भारत को पहला ‘विश्व कप मिश्रित टीम’ खिताब दिलाया था।
विश्व की 20वें नंबर की खिलाड़ी अनाहत भी कई बार एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। 2025 में उन्होंने काहिरा में आयोजित विश्व जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और वह भारत की स्वर्ण पदक विजेता विश्व कप मिश्रित टीम का भी हिस्सा रही थीं।
इससे पहले भारतीय खिलाड़ी 2022 में एएसएफ की वार्षिक पुरस्कार सूची में शामिल हुए थे जब सौरव घोषाल और जोशना चिनप्पा ने क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
