नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) सरकार ने छठे दौर में बिक्री के लिए रखे गए 11 महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉक की नीलामी निवेशकों की कमजोर प्रतिक्रिया और पात्र बोलीदाताओं की कमी के कारण रद्द कर दी है।
यह घटनाक्रम वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बीच महत्वपूर्ण खनिजों के घरेलू अन्वेषण और उत्पादन बढ़ाने के सरकार के प्रयासों के लिए झटका माना जा रहा है।
खान मंत्रालय द्वारा जारी निरस्तीकरण सूचना में कहा गया कि पांच खनिज ब्लॉक की नीलामी इसलिए रद्द कर दी गई है, क्योंकि कोई बोली प्राप्त नहीं हुई।
सूचना में यह भी कहा गया कि पांच अन्य खनिज ब्लॉक की नीलामी इसलिए रद्द की गई क्योंकि तकनीकी रूप से पात्र बोलीदाताओं की संख्या तीन से कम थी।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के बेकू रेयर मेटल ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया भी रद्द कर दी गई है।
खान मंत्रालय ने पिछले वर्ष सितंबर में 13 राज्यों में फैले 23 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक के लिए नीलामी का छठा चरण शुरू किया था।
इस नीलामी में 19 कम्पोजिट लाइसेंस (सीएल) ब्लॉक और चार खनन पट्टे (एमएल) वाले ब्लॉक शामिल थे। ये ब्लॉक आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में स्थित हैं।
इन ब्लॉक में लिथियम, कोबाल्ट, दुर्लभ खनिज तत्व, नियोबियम, टैंटलम और वैनाडियम जैसे रणनीतिक खनिज पाए जाते हैं।
खान मंत्रालय के अनुसार, अब तक नीलामी के छह दौर पूरे हो चुके हैं जिनमें 46 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक पहले ही बेचे जा चुके हैं।
महत्वपूर्ण खनिज देश के आर्थिक विकास और खनिज सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक माने जाते हैं।
स्वच्छ ऊर्जा एवं उन्नत प्रौद्योगिकियों की ओर वैश्विक बदलाव के कारण लिथियम, ग्रेफाइट, दुर्लभ खनिज तत्व, टंगस्टन, वैनाडियम, टाइटेनियम और अन्य दुर्लभ धातुओं की मांग में काफी वृद्धि हुई है।
इन खनिजों की सीमित उपलब्धता एवं भौगोलिक रूप से कुछ क्षेत्रों में उनका केंद्रीकरण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के लिए चुनौती उत्पन्न करता है।
सरकार ने इससे पहले भी नीलामी के पिछले दौरों में कई महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक की नीलामी रद्द की है।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
