नई दिल्ली: गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता 2025-26 का आरंभ रविवार को हुआ. इस आयोजन में देशभर से करीब 650 प्रतिभागी 63 विभिन्न कौशलों में अपनी क्षमता दिखा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दे रही है. सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि स्किलिंग केवल व्यक्तिगत उन्नति नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास से जुड़ा है और युवा भारत को “स्किल नेशन” बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सीईओ अरुण कुमार पिल्लई ने युवाओं को उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया. मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को आकर्षक बनाया. उत्तर प्रदेश की प्रतिभागी साधना ने शपथ ग्रहण समारोह में निष्पक्षता, ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई.
