पटना, 29 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर बिहार सरकार ने आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, प्रवासी श्रमिकों के हितों की रक्षा करने और हर प्रकार के संभावित प्रतिकूल प्रभाव से निपटने संबंधी कदमों में समन्वय के लिए एक संकट प्रबंधन समूह का गठन किया है।
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इस समूह की अध्यक्षता मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत करेंगे।
समूह में विकास आयुक्त, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
बयान में बताया गया है कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को इस समूह के लिए नोडल विभाग नामित किया गया है।
संकट प्रबंधन समूह आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आपूर्ति श्रृंखलाओं की निगरानी करने, प्रवासी श्रमिकों के हितों की रक्षा करने और हर प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए समन्वित रणनीतियां तैयार करने का काम करेगा।
समूह की पहली बैठक 30 मार्च को मुख्य सचिव के कार्यालय में निर्धारित है। इसके बाद राज्य भर में समन्वय मजबूत करने के लिए सभी संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ एक डिजिटल बैठक होगी।
भाषा
सिम्मी अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
