scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमरिपोर्टजेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट फेज-1 का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले—भारत की नई ऊर्जा का प्रतीक

जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट फेज-1 का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले—भारत की नई ऊर्जा का प्रतीक

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और ऊर्जा आपूर्ति पर असर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम परिवारों और किसानों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े.

Text Size:

गौतम बुद्ध नगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया और इसे “भारत की नई ऊर्जा का प्रतीक” बताया. उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास को गति देगा और युवाओं व किसानों के लिए नए अवसर पैदा करेगा.

पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट का पहला चरण विकसित किया गया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “आज विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है. देश का सबसे बड़ा राज्य आज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की संख्या के मामले में भी अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है. मुझे इस एयरपोर्ट की आधारशिला रखने का सौभाग्य मिला था और आज इसका उद्घाटन करने का भी अवसर मिला है, लेकिन इस उपलब्धि का श्रेय मैं आप सभी के साथ साझा करता हूं.”

उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा और विकसित उत्तर प्रदेश की पहचान का प्रतीक बनेगा.

प्रधानमंत्री ने कहा, “जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान अब इस एयरपोर्ट के साथ जुड़ गई है. नोएडा एयरपोर्ट से आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा समेत कई क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा.”

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और ऊर्जा आपूर्ति पर असर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम परिवारों और किसानों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े.

उन्होंने कहा, “ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण दुनिया में खाद्य पदार्थ, ईंधन और उर्वरक जैसी जरूरी चीजों को लेकर चिंता है, भारत पूरी मजबूती से इस स्थिति का सामना कर रहा है. सरकार कोशिश कर रही है कि इसका असर आम परिवारों और किसानों पर न पड़े.”

share & View comments