तिरुवनंतपुरम, 27 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग को अपने स्टार प्रचारकों की सूची दी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल और बेटी प्रियंका गांधी तथा शशि थरूर शामिल हैं।
भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी शामिल हैं।
इनमें से मोदी केरल का दो बार दौरा कर चुके हैं और रविवार को उनके फिर से आने की उम्मीद है।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और सचिन पायलट शामिल हैं।
चुनाव तारीखों की घोषणा से पहले राहुल और प्रियंका ने राज्य का दौरा किया था, जबकि खरगे, थरूर और पायलट ने उसके बाद केरल में चुनाव संबंधी गतिविधियों में भाग लिया।
इनके अलावा, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उन स्टार प्रचारकों में शामिल हैं जिनकी सूची चुनाव आयोग को दी गई है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और बहुजन समाज पार्टी ने भी अपने प्रमुख प्रचारकों की एक सूची जारी की है, जिसमें उनके पार्टी प्रमुख भी शामिल हैं, जो चुनाव वाले इस राज्य में राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं।
भाषा गोला संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
